लुधियाना में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को लोगों ने पकड़ लिया।
गुस्साई पब्लिक ने उसकी जूतों से पिटाई की। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी जमीन पर लेटा हुआ है और लोग उसे घेरकर पूछताछ कर रहे हैं। हालांकि, भीड़भाड़ का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी मौके से भागने में कामयाब रहा।
मामला पखोवाल रोड का है। सामने आए वीडियो में पब्लिक की पिटाई के कारण आरोपी के चेहरे पर चोट के निशान नजर आ रहे हैं। भीड़ के बीच वह कबूल करता है कि वारदात के वक्त वे दो लोग थे। वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति कैमरे के सामने आरोपी का पर्स दिखाता है, जिसमें अलग-अलग बैंकों के दर्जनों एटीएम कार्ड भरे हुए हैं। लोगों की पूछताछ में आरोपी ने माना कि वे ‘हाथ की सफाई’ से लोगों का असली कार्ड बदलकर उन्हें दूसरा कार्ड थमा देते हैं।
पीड़ित ने बताई पूरी वारदात, ऐसे करते हैं ठगी जिस व्यक्ति के साथ यह घटना हुई, उसने बताया कि जब वह पैसे निकालने बूथ में गया, तो वहां पहले से ही ये दोनों मौजूद थे। वहां लगी दो मशीनों में से एक एटीएम खराब थी। जब पीड़ित ने चालू मशीन में अपना कार्ड डाला, तो आरोपियों ने उसकी मदद करने की पेशकश की, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बावजूद जब पीड़ित अपना पिन डाल रहा था तो दोनों आरोपी बिल्कुल पीछे आकर खड़े हो गए और चोरी-छिपे मोबाइल से पिन का वीडियो बनाने लगे।
नजर पड़ते ही एक को दबोचा, दुकानदार हुए इकट्ठा जैसे ही पीड़ित की नजर वीडियो बनाते हुए आरोपियों पर पड़ी, उसने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े जाने के डर से दूसरा साथी वहां से भाग निकला। इसके बाद पीड़ित ने आसपास के दुकानदारों को बुला लिया।
मदद के बहाने करते हैं ‘हाथ की सफाई’ पीड़ित ने इन ठगों का मॉडस ऑपरेंडी समझाते हुए बताया कि ये लोग पहले पीछे खड़े होकर पिन देख लेते हैं या रिकॉर्ड कर लेते हैं। इसके बाद मदद करने के बहाने व्यक्ति के हाथ से कार्ड लेकर उसे हूबहू वैसा ही कोई दूसरा फर्जी कार्ड थमा देते हैं। पीड़ित ने अंदेशा जताया है कि उससे पहले एटीएम में आए दो अन्य लोगों की भी इन ठगों ने ‘मदद’ की थी। पूरी संभावना है कि उन दोनों के कार्ड भी इन्होंने बदल लिए होंगे।