IPL 2027 सीजन के लिए होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी से पहले ट्रेडिंग विंडो में भी काफी चहल-पहल देखने को मिली है. गोवा में 16 दिसंबर को होने वाले मिनी ऑक्शन से एक हफ्ते पहले ये ट्रेड विंडो बंद हो जाएगी. वहीं उससे पहले 17 नवंबर को रिटेंशन की आखिरी तारीख है. ऐसे में कई टीमें अपने रिटेंशन फाइनल करने और ऑक्शन में उतरने से पहले ट्रेडिंग विंडो का फायदा उठाकर बड़े फेरबदल कर चुकी हैं. किस टीम ने किन खिलाड़ियों को अब तक ट्रेड किया है, चलिए उसकी पूरी जानकारी आपको देते हैं.
ऋषभ पंत से हुई शुरुआत
इस बार ट्रेडिंग विंडो की शुरुआत सबसे पहले ऋषभ पंत के साथ शुरू हुई, जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ की रिकॉर्ड बोली के साथ खरीदा था. मगर 2 सीजन के बाद ही उनकी टीम से छुट्टी हो गई. IPL 2026 सीजन खत्म होते ही लखनऊ ने पंत को दिल्ली के साथ ट्रेड कर दिया. पंत के बदले में दिल्ली ने स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को लखनऊ के हवाले किया. पंत की सैलरी घटकर 15 करोड़ पर आ गई, जबकि कुलदीप 13.25 करोड़ पर बने हुए हैं.
सनराइजर्स ने बदले कई खिलाड़ी
दिल्ली ने इसके बाद बाएं हाथ के पेसर टी. नटराजन को उनकी पुरानी टीम सनराइजर्स हैदराबाद में लौटा दिया. नटराजन को दिल्ली ने 10.75 करोड़ में खरीदा था लेकिन वो सिर्फ 5 करोड़ में हैदराबाद लौटे. वहीं बदले में हैदराबाद ने स्पिनर जीशान अंसारी को दिल्ली के साथ ट्रेड कर दिया, जिनकी कीमत 40 लाख रुपये पर ही बरकरार रही.
फिर एक साथ 4 खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई, जिसमें एक बार फिर सनराइजर्स शामिल थी. हैदराबाद की इस टीम ने अपने दो खिलाड़ियों, लियम लिविंगस्टन और जैक एडवर्ड्स, को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया. लिविंगस्टन की कीमत 13 करोड़ से घटकर 6 करोड़ रह गई, जबकि एडवर्ड्स 3 करोड़ पर बने हुए हैं. वहीं बदले में चेन्नई ने खलील अहमद और नाथन एलिस को हैदराबाद भेज दिया. खलील (4.8 करोड़) और एलिस (2 करोड़) की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ.
हार्दिक-अर्शदीप की ब्लॉकबस्टर डील
ट्रेडिंग विंडो की सबसे लेटेस्ट डील हुई मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच, जिसका सबसे ज्यादा बेसब्री से इंतजार था. दोनों टीमों से 2 स्टार खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई. तमाम उतार-चढ़ाव और विवादों के बाद आखिरकार हार्दिक पंड्या फिर से मुंबई से अलग हो गए और पंजाब ने उन्हें ले लिया. वहीं बदले में पंजाब ने अपने सुपरस्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई के खेले में भेज दिया. हार्दिक की फीस 16.35 करोड़ से बढ़कर 18 करोड़ हो गई, जबकि अर्शदीप 18 करोड़ के साथ ही मुंबई का हिस्सा बने.