Kapurthala News: पंजाब के कपूरथला जिले में पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस और किराये पर कमरे देने वाले मकान मालिकों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा के आदेशों पर विदेशी नागरिकों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित होटल या गेस्ट हाउस संचालकों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विदेशी नागरिकों को कमरा देने से पहले जरूरी होगा रिकॉर्ड
एसपी फगवाड़ा मेजर सिंह ने बताया कि इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत कपूरथला पुलिस की विशेष मुहिम को फगवाड़ा के चारों थाना क्षेत्रों में सख्ती से लागू किया जा रहा है। इसके तहत होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को विदेशी नागरिकों तथा दूसरे देशों से आने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, विदेशी नागरिकों को ठहराने से पहले उनके पासपोर्ट, वीजा और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच करना जरूरी होगा। संबंधित नियमों के तहत आवश्यक पंजीकरण के बिना गेस्ट हाउस चलाने और विदेशी नागरिकों को ठहराने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
हाईवे पर स्थित होटल और गेस्ट हाउस भी पुलिस के रडार पर
फगवाड़ा-जालंधर हाईवे और अन्य प्रमुख मार्गों पर स्थित होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को लिखित निर्देश भेजे गए हैं। पुलिस ने उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार पंजीकरण करवाने और ठहरने वाले लोगों का पूरा विवरण दर्ज करने को कहा है।
पुलिस टीमें विभिन्न गेस्ट हाउस और होटलों में जांच कर रही हैं। इस दौरान वहां ठहरे लोगों के नाम और पते सहित जरूरी जानकारी की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
लापरवाही पर SHO के खिलाफ होगी विभागीय कार्रवाई
एसपी मेजर सिंह के अनुसार, एसएसपी गौरव तूरा ने संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को नियमित रूप से होटल एवं गेस्ट हाउस की जांच करने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई SHO या पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही करता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण संचालित गेस्ट हाउस में कोई संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर संबंधित क्षेत्र के SHO की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य होटल और गेस्ट हाउस में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।








