लुधियाना में घर लौट रहे आयुर्वेदिक क्लिनिक संचालक को पुरानी माधोपुरी पुली के पास 5 बदमाशों ने घेरकर लूट लिया। आरोपियों ने सोने की 2 अंगूठियां, करीब 25 हजार रुपए कैश, 2 मोबाइल फोन समेत अन्य सामान छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता गगनदीप जैन (51) निवासी गली नंबर 3 महावीर जैन कॉलोनी (लुधियाना) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 3 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे वह अपनी दुकान/क्लिनिक बंद करके वापस घर की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह पुरानी माधोपुरी पुली के नजदीक पहुंचे, अचानक 5 व्यक्तियों ने उन्हें घेर लिया।
सोने की अंगूठियां, कैश, लाइसेंस और पर्स छीने बदमाशों ने डरा-धमकाकर उनके साथ छीना-झपटी शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक लुटेरों ने 2 सोने की अंगूठियां (हाथों से उतरवाईं), 2 पर्स और बैग, जिसमें करीब ₹25,000 कैश था, ड्राइविंग लाइसेंस, 2 एटीएम कार्ड, 1 चांदी का सिक्का और 2 मोबाइल फोन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज घटना के संबंध में थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने 5 अक्टूबर को FIR दर्ज की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर (ASI) कुलबीर राज ने बताया कि पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के रूट का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।