जालंधर के ढन्न मोहल्ले ग्राउंड के पास एक पुराने मकान की छत अचानक गिर गई।
जालंधर के ढन्न मोहल्ले ग्राउंड के पास एक पुराने मकान की छत अचानक गिर गई। इस हादसे में पिता-पुत्र समेत परिवार के 3 लोग घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे।
छत गिरने से दीपक और उसका 8 साल का बच्चा मलबे में दब गए। छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने मलबा हटाकर दीपक और उसके बच्चे को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दीपक के सिर और हाथों पर चोटें आई हैं, जबकि उसके 8 साल के बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कमरे में बिखरा छत का मलबा।
अंदर सो रहा था परिवार
दीपक ने बताया कि वह ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करता है। उनका मकान काफी पुराना और पुश्तैनी है। लंबे समय से उसकी छतें खराब हालत में थीं। रात करीब 3:30 बजे वह परिवार के साथ सो रहा था, तभी अचानक छत नीचे आ गिरी और परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे के बाद परिवार के पास रहने के लिए सुरक्षित छत नहीं बची है।
छत के मलबे में सामान भी दब गया है।
प्रशासन से रहने के सुरक्षित इंतजाम करवाने की मांग
दीपक ने बताया कि खराब छतों के लिए मिलने वाली सरकारी मदद के संबंध में उन्होंने इलाके के पार्षद और प्रशासनिक अधिकारियों के पास आवेदन भी दिए थे, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला। दीपक ने प्रशासन से परिवार की पैसे से मदद करने के साथ-साथ रहने का सुरक्षित इंतजाम करवाने की मांग की है, ताकि वह अपने परिवार को दोबारा सुरक्षित छत दे सके।