कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की धर्मपत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
हलका मोगा में तीज के पावन एवं पारंपरिक पर्व को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की धर्मपत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान महिलाओं ने पंजाबी संस्कृति की झलक पेश करते हुए गिद्दा, बोलियां और लोक परंपराओं के माध्यम से तीज के रंग को और खूबसूरत बना दिया। कार्यक्रम में मोगा हलके की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने विशेष रूप से उपस्थित होकर महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि तीज पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और मेल-जोल को भी मजबूत करते हैं। इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने कहा कि तीज पंजाब की बेटियों और महिलाओं के लिए खुशी, उमंग और आपसी प्रेम का पर्व है। उन्होंने कहा कि पंजाबी संस्कृति की खूबसूरती हमारी लोक परंपराओं, गीतों, बोलियों और त्योहारों में दिखाई देती है। उन्होंने सभी महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें अपनी समृद्ध विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करना चाहिए।
इस मौके पर मोगा हलके की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि तीज केवल एक त्योहार नहीं बल्कि पंजाब की महिलाओं की भावनाओं, खुशियों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा पर्व है। तीज के अवसर पर महिलाएं एकजुट होकर अपनी लोक संस्कृति को जीवंत करती हैं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि मोगा में पंजाबी संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहने चाहिए। इस कार्यक्रम में पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने भी विशेष रूप से पहुंचकर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि पंजाब की संस्कृति में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। तीज जैसे त्योहार महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। महिलाओं की भागीदारी से ही पंजाब की लोक परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सकती हैं। इस अवसर पर स्टेट ऑब्जर्वर गायत्री विष्णोई ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने तीज के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक माहौल पैदा करते हैं तथा महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पंजाबी पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर तीज की खुशियां मनाईं। गिद्दा, बोलियों और लोक गीतों ने पूरे माहौल को रंगीन बना दिया। उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और पंजाबी संस्कृति व विरासत को संजोकर रखने का संदेश दिया। इस मौके पर मोगा नगर निगम की मेयर विनय पाल कौर, शहरी प्रधान लवली सिंगला, सुखविंदर कौर के अलावा भारी संख्या में महिलाएं आम आदमी पार्टी की वालंटियर उपस्थित थी।