Punjab Pro TV (PPTV News): बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा MEMU ट्रेन के दो कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने बताया कि समस्तीपुर-सहरसा MEMU ट्रेन संख्या 63344 सोमवार तड़के करीब 3 बजे सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान स्टेशन मास्टर को ट्रेन के मोटर कोच में आग लगने की जानकारी मिली।
आग तेजी से फैलते हुए ट्रेन के दो डिब्बों तक पहुंच गई। रेलवे कर्मचारियों ने शुरुआती तौर पर अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।
सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन में मौजूद सभी यात्रियों को तत्काल बाहर निकाल लिया गया। इसके साथ ही रेलवे लाइन की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई, ताकि राहत और बचाव कार्य के दौरान किसी तरह का खतरा न रहे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रेन में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।








