Punjab Pro TV (PPTV News): लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 अगस्त से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने करीब 50 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है, जबकि कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो रहा है। इसके प्रभाव से मानसूनी ट्रफ धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही है। इसके चलते 4 अगस्त से बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 7 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 8 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।








