Punjab Pro TV (PPTV News): पंजाब के बरनाला में कांग्रेस की कार्यकर्ता बैठक के दौरान हलका बरनाला के विधायक और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह काला ढिल्लों के बयान ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए काला ढिल्लों ने बिना किसी नेता का नाम लिए पार्टी के भीतर कथित दखलअंदाजी और कुछ नेताओं की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व को स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और नेताओं पर अधिक भरोसा करना चाहिए।
काला ढिल्लों ने कहा कि यदि पार्टी ने उन पर और उनके कार्यकर्ताओं पर पूरा विश्वास जताया होता, तो कांग्रेस बरनाला के साथ-साथ आसपास की पांच से दस विधानसभा सीटों पर भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।
उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों को बरनाला में कांग्रेस की जीत रास नहीं आ रही है और ऐसे लोग लगातार जिले के मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपने संबोधन में किसी नेता का नाम नहीं लिया।
काला ढिल्लों की इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस के अंदरूनी समीकरण और पार्टी संगठन में चल रही गतिविधियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।








