Punjab Pro TV (PPTV NEWS): पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद में शनिवार सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रही एक निजी स्कूल वैन सड़क धंसने के कारण हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। कमरेवाला रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास मोड़ लेते समय वैन का एक टायर अचानक धंसी हुई सड़क में फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे, जिन्होंने घबराकर शोर मचाना शुरू कर दिया। हालांकि, चालक की सतर्कता से वैन पलटने से बच गई और सभी बच्चे सुरक्षित रहे। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद सड़क कमजोर हो गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान पर पहले पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया था, जिसके कारण मिट्टी धंसने से यह घटना हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।