सलमान खान के काला हिरण केस से जुड़े मामले पर फिल्म बनाने को लेकर प्रोड्यूसर अमित जानी को कोर्ट ने फटकार लगाई है.
सलमान खान को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने उनपर बनी कथित रूप से प्रेरित फिल्म काला हिरण द बैटल फॉर लेगिसी से जुड़े सभी वीडियोज को सोशल मीडिया साइट्स से हटाने का निर्देश दिया है. वहीं कोर्ट ने फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी को फटकार भी लगाई है. सलमान खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने एक्स और यूट्यब से काला हिरण द बैटल ऑफ लेगेसी से जुड़े सभी वीडियोज को हटाने की बात कही है. यही नहीं कोर्ट ने प्रोड्यूसर अमित जानी को फटकार लगाई है और उनसे पूछा है कि क्या वह खुद को कानून से ऊपर समझते हैं?
अमित जानी के वकील ने तर्क दिया कि टीजर में न तो सलमान खान का जिक्र था और न ही AI या डीपफेक कंटेंट का इस्तेमाल किया गया था जबकि सलमान खान के वकील ने कहा कि ब्लैकबक मामलों में बरी होने या कानूनी राहत मिलने के बावजूद फिल्म में एक्टर को गलत तरीके से दिखाया गया है. साथ ही फिल्म के लीड एक्टर भी ऐसा लिया गया है जिसका चेहरा सलमान खान से मेल खाता हो.
सलमान की क्या थीं मांगे?
इस मामले में कोर्ट ने कहा- ‘एक बार प्रतिष्ठा चली गई तो वापस नहीं आती.’ सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि फिल्म के जरिए एक्टर को काला हिरण शिकार मामले से जोड़ा जा रहा है जो पूरी तरह से गलत है. अब ये सब बंद होना चाहिए. सलमान खान ने इससे पहले अपने व्यक्तिगत अधिकारों की सुरक्षा की मांग की थी और फिल्म पर आरोप लगाए थे कि इसमें उनकी पहचान और छवि का उपयोग बिना उनकी अनुमति के गलत तरीके से किया जा रहा है और उन्हें लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है. याचिका के मुताबिक फिल्म में लीड एक्टर की शक्ल सलमान से मिल रही है वहीं एक्टर ने नीले रंग का ब्रेसलेट भी पहन रखा है जो फैंस के बीच सलमान की पहचान के तौर पर जाना जाता है. अब हाई कोर्ट के फैसले से सलमान खान को इस मामले में राहत मिलती नजर आ रही है.
किन फिल्मों का हिस्सा हैं सलमान खान?
सलमान खान की बात करें तो उनकी कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी हैं. उनकी फिल्म टाइगर 3 भी ठीक-ठाक ही कमा पाई थी. वहीं उनकी फिल्म किसी का भाई किसी की जान और सिकंदर फैंस को इंप्रेस करने में सफल नहीं हो सकी थी. अब वे मातृभूमि मे वॉर रेस्ट इन पीस फिल्म का हिस्सा हैं. इसके अलावा वे SVC 63 फिल्म में भी नजर आएंगे.