जालंधर के नूरमहल के नजदीकी गांव शेरपुर से गुजरने वाली दिल्ली-कटरा रोड पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।
यहाँ एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित टिपर ने राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीड़ित व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शेरपुर निवासी कुलदीप कुमार उर्फ धाड़ी के रूप में हुई है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मृतक कुलदीप कुमार एक बेहद गरीब परिवार से संबंध रखते थे और अपने घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। कुलदीप की अचानक हुई इस मौत से हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
SHO दिलबाग सिंग
ग्रामीणों में रोष, सुरक्षा उपायों की मांग
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। दिल्ली-कटरा रोड पर लगातार बढ़ रहे हादसों को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष देखा गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर वाहनों की गति सीमा तय की जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए। सड़क पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर ब्लैक स्पॉट सुधारे जाएं और पुख्ता सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए।
टिपर चालक के खिलाफ केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही थाना बिलगा की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की जानकारी देते हुए बिलगा पुलिस के एसएचओ दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले टिपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी व आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।