Patiala News

सिसोदिया, डॉ. बलबीर सिंह, विधायक कोहली और मेयर गोगिया ने हवन-पूजन किया और नया ध्वज फहराया

Patiala News: आम आदमी पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री मनीष सिसोदिया ने अश्विन नवरात्र के पहले दिन पटियाला स्थित प्रसिद्ध माता श्री काली देवी मंदिर में माथा टेककर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उनके साथ पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, विधायक अजीतपाल सिंह कोहली, मेयर कुंदन गोगिया और मंदिर की एडवाइजरी कमेटी के सदस्य भी मौजूद थे।

Google search engine

इस अवसर पर श्री मनीष सिसोदिया ने आप नेताओं के साथ हवन-पूजन किया और माता रानी के समक्ष प्रार्थना की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की। इस दौरान उन्होंने सेहत मंत्री और आप नेताओं के साथ मंदिर में स्थापित किए गए माता रानी के नए ध्वज को फहराया। इसके बाद नए बने लंगर हॉल में कन्या पूजन किया और लंगर वितरित करने की सेवा दी।

श्री मनीष सिसोदिया ने भगवंत सिंह मान के दोबारा मुख्यमंत्री बनने की कामना करते हुए प्रार्थना की कि आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी की सरकार फिर से सत्ता में आए और पार्टी के नेताओं की मेहनत सफल हो।

इस दौरान मंदिर में चल रहे निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों को लेकर श्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “यह आम आदमी पार्टी का सौभाग्य है कि माँ काली ने हमारी सरकार को इस पवित्र मंदिर के पुनरुद्धार की सेवा का अवसर दिया है।”

उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में मंदिर का स्वरूप और निखरकर सामने आएगा। मंदिर को एक सिद्ध पीठ बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां देशभर से श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं और पंजाब सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रबंध किए जाएंगे।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि माता रानी केंद्र सरकार को सद्बुद्धि दें। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब केवल सरकार में हैं, जनता के दिलों में नहीं। सीबीआई, चुनाव आयोग और ईडी के संबंध में टिप्पणी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इन संस्थाओं को चुनाव जीतने के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है और इनका उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है।

इस अवसर पर मंदिर कमेटी के सदस्य सीए अजय अलीपुरिया ने बताया कि भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं ने मंदिर के सरोवर के चारों ओर बने नए कॉरिडोर में बैठकर नवनिर्मित भवन का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा तेजी से करवाए जा रहे नवीनीकरण कार्यों की श्रद्धालुओं ने सराहना की।

इस अवसर पर मंदिर की एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के चेयरमैन महेश मित्तल, सीए अजय अलीपुरिया, डॉ. राज कुमार गुप्ता, संजय सिंगला, आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान नवलदीप सिंह, उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) अनुप्रिता जौहल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इस धार्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पिछला लेखनशा मुक्ति मोर्चा और पुलिस की बैठक, नशे के खिलाफ रणनीति पर चर्चा
अगला लेखभाजपा ने गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब के अंदर पुलिस भेजकर 1984 की बेअदबी दोहराई, अमित शाह इस्तीफा दें: आप