Punjab Pro TV (PPTV News): महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में चार मंजिला रिहायशी इमारत का हिस्सा गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। NDRF और अन्य बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
हादसा गुरुवार रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच नारपोली इलाके के बालाजी नगर स्थित कोहिनूर बिल्डिंग की B विंग में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका था और घटना के समय यहां मरम्मत का काम चल रहा था।
NDRF के अनुसार, अब तक मलबे से 9 शव निकाले जा चुके हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF, भिवंडी फायर ब्रिगेड, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और डॉग स्क्वायड की टीमें जुटी हुई हैं। अभियान के दौरान NDRF के एक असिस्टेंट कमांडेंट के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि इमारत में कुल 48 कमरे थे। हादसे से पहले स्थानीय लोगों ने इमारत से चटकने की आवाजें सुनी थीं, जिसके बाद कई परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। फिलहाल बचाव दल मलबा हटाकर किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की संभावना तलाश रहे हैं








