होम Health and Fitness यूथ हॉकी5एस Asian Championship: भारतीय पुरुष टीम ने ओमान और पाकिस्तान को...

यूथ हॉकी5एस Asian Championship: भारतीय पुरुष टीम ने ओमान और पाकिस्तान को हराया, महिला टीम को झेलनी पड़ी हार

0

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का शुरुआत से ही दबदबा देखने को मिला।

 मस्कट में चल रही एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने मेजबान ओमान को 10-1 से रौंदने के बाद अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-3 से हराया। हालांकि, महिला टीम को हार का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का शुरुआत से ही दबदबा देखने को मिला। टीम ने हाफ टाइम तक 3-0 की अजेय बढ़त हासिल की। भारतीय टीम के लिए पहले हाफ में रोमित पाल (8वें मिनट), करण गौतम (10वें मिनट), और कप्तान केतन कुशवाहा (10वें मिनट) ने गोल किए।
दूसरे हाफ में भी भारत ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और प्रहलाद राजभर ने बढ़त को 4-0 कर दिया। हालांकि, पाकिस्तान ने मोहम्मद उस्मान के दो गोल और कप्तान अदील (17′) के शानदार गोल के बूते वापसी की कोशिश की, लेकिन शाहरुख अली, राहुल यादव और कुशवाहा के गोलों ने भारत की आसान जीत पक्की कर दी।
इससे पहले, भारत का प्रदर्शन ओमान के खिलाफ भी लाजवाब रहा। भारत ने हाफ-टाइम तक 6-0 की बढ़त बना ली थी। पहले हाफ में भारतीय टीम की ओर से शाहरुख अली और केतन कुशवाहा ने दो-दो गोल दागे। वहीं, करण गौतम और प्रहलाद राजभर ने एक-एक गोल किया। ओमान की तरफ से एकमात्र गोल खजराज सुबैत सुबैत अल-मशराफी ने मैच के 20वें मिनट में किया।
हालांकि, भारतीय सब-जूनियर महिला टीम कड़ा मुकाबला करने के बावजूद चीन से 3-6 से हार गई। भारत के लिए मैच का पहला गोल संदीप कुमार ने दागा और शुरुआत में बढ़त दिलाई। इसके बाद किरण एक्का ने लगातार दो गोल दागे। मगर चीन ने मैच में शानदार वापसी की और गुओ जियाक्सिन, गे चेन और लू टोंगटोंग द्वारा किए गए गोल के बूते स्कोर को हाफ टाइम तक 3-3 से बराबर कर दिया।
दूसरे हाफ में चीन ने अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखा और गुओ जियाक्सिन ने दो और गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। वहीं, लू टोंगटोंग ने मैच में अपना दूसरा गोल करते हुए चीन की जीत पर मुहर लगा दी। यह टूर्नामेंट पहली बार होने वाले एफआईएच यूथ हॉकी5एस वर्ल्ड कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है।
पिछला लेखPunjab News: आंगनवाड़ी वर्करों को मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बांटे नियुक्ति पत्र, कहा- मैरिट के आधार पर हुई भर्ती
अगला लेखलुधियाना में महिला इंस्पेक्टर की शिकायत पर सब-इंस्पेक्टर निलंबित, एफआईआर भी दर्ज